मुंबई वार्ता संवाददाता

गवर्नमेंट रेल्वे पुलिस (जीआरपी) ने शनिवार को बांद्रा टर्मिनस पर खड़ी अवध एक्स्प्रेस के एक जनरल कोच से लावारिस हालत में मिले बैग से करीब 13.83 करोड़ रुपये मूल्य के संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे ट्रेन की मेंटेनेंस चेक (EMC) के दौरान पुलिस कांस्टेबल मुकेश मंगावा और संविदा पर कार्यरत लॉकमैन अल्ताफ की नजर ट्रेन के पीछे स्थित जीएस (जनरल सेकेंड क्लास) कोच में पड़े एक असामान्य रूप से भारी काले बैग पर पड़ी। बैग लावारिस पाया गया, जिसके बाद उसे कोच से हटाकर प्लेटफॉर्म पर एक बेंच पर रखकर जांच की गई।
बैग खोलने पर उसमें कपड़ों के साथ भूरे टेप से लिपटे कई पैकेट मिले। पैकेटों को देखकर मादक पदार्थ होने का संदेह हुआ, जिसके बाद कांस्टेबल मंगावा ने तत्काल Railway Protection Force (आरपीएफ) के ड्यूटी अधिकारी और बांद्रा जीआरपी को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और पैकेटों को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच की। प्रारंभिक आकलन में जब्त संदिग्ध मादक पदार्थों की कीमत करीब 13.83 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल, बैग किसका है और मादक पदार्थ किसे सप्लाई किए जाने थे, इसकी जांच जारी है।
पुलिस इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


