मुंबई वार्ता

महाराष्ट्र के निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज अपने सीएम पद से राज भवन में इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद अब नए मुख्यमंत्री के लिए चर्चाएं तेज हो गई है। नए मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली में बैठक की जाएगी, जिसके बाद फैसला लिया जाएगा।
महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस भी आज सुबह अपना इस्तीफा सौंपने राज्यपाल के कार्यालय पहुंचे।
शिंदे को राज्य में सरकार गठन होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है। महायुति गठबंधन की निर्णायक जीत और 132 से अधिक सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद गठबंधन ने अभी तक सरकार का नेतृत्व करने के लिए मुख्यमंत्री पर फैसला नहीं किया है।
वर्तमान मुख्यमंत्री ने पहले एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे उनके लिए समर्थन दिखाने के लिए मुंबई में एकत्र न हों। एकनाथ शिंदे द्वारा एक्स पोस्ट में कहा गया है कि, “मेरे प्रति प्रेम के कारण, कुछ मंडलियों ने सभी से एक साथ इकट्ठा होने और मुंबई आने की अपील की है। मैं आपके प्यार के लिए बहुत आभारी हूं। लेकिन मैं अपील करता हूं कि कोई भी इस तरह से मेरे समर्थन में एक साथ न आए। एक बार फिर यह मेरा विनम्र अनुरोध है कि शिवसेना के कार्यकर्ता वर्षा बंगले या आसपास कहीं और इकट्ठा न हों।”