● फडणवीस की सुलतानी सरकार में किसान संकट में; किसानों की कर्जमाफी करो, वरना आंदोलन और तेज करेंगे।

● कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में अमरावती में भव्य ट्रैक्टर मोर्चा और तिरंगा रैली
● ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वीरों को नमन करने के लिए राज्यभर में कांग्रेस की तिरंगा रैली.
मुंबई वार्ता संवाददाता
देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे दो प्रधानमंत्री शहीद हुए। देश की सीमाएं सुरक्षित रखने के लिए भारतीय सेना के जवानों ने अपना खून बहाया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वीरता को आज पूरा देश सलाम कर रहा है, लेकिन अचानक युद्धविराम की घोषणा करने वाले डोनाल्ड ट्रंप कौन हैं? और इस पूरे घटनाक्रम पर जो सवाल उठे हैं, उनका जवाब केंद्र सरकार क्यों नहीं देती? यह सवाल महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उठाया है।


कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में अमरावती में भव्य ट्रैक्टर मोर्चा और तिरंगा रैली निकाली गई। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव कुणाल चौधरी, पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर, सांसद बलवंत वानखेड़े, पूर्व विधायक वीरेंद्र जगताप, अमरावती जिला कांग्रेस अध्यक्ष बबलू देशमुख, शहर अध्यक्ष बबलू शेखावत समेत हजारों कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे।


अपने भाषण में सपकाल ने कहा कि आज एक आंख में खुशी है तो दूसरी में आंसू। सीमा पर जवानों ने अद्वितीय शौर्य दिखाकर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया, इस पर सभी को गर्व है। लेकिन दूसरी ओर राज्य का किसान संकट में है, और सरकार की कोई परवाह नहीं है। कृषि मंत्री किसानों का अपमान कर उन्हें भिखारी कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण तुअर की कीमत 12 हजार से घटकर 6 हजार रह गई है, क्योंकि जब किसान अपनी तुअर बाजार में लाते हैं, तभी केंद्र की भाजपा सरकार तुअर का आयात कर भाव गिरा देती है। सोयाबीन की कीमत 4 हजार से ऊपर नहीं जाती। फसलों को उचित दाम नहीं मिल रहे। किसानों को फसल कर्ज नहीं मिल रहा, इसलिए उन्हें साहूकारों के पास जाना पड़ रहा है। इस पूरी स्थिति के लिए फडणवीस की सुलतानी सरकार जिम्मेदार है।
सापकाल ने कहा कि कांग्रेस की आज की ट्रैक्टर रैली से अंधी-बहरी सरकार की आंखें खुलेंगी, ऐसी उम्मीद है। लेकिन अगर सरकार ने किसानों की कर्जमाफी नहीं की और फसलों को वाजिब दाम नहीं मिला, तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा और जो भी परिणाम होंगे, उसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव और राज्य के सहप्रभारी कुणाल चौधरी और पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने भी केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संपूर्ण कर्जमाफी जरूरी है। रैली में “जय जवान, जय किसान” जैसे नारे लगाए गए।राज्यभर में कांग्रेस की ‘तिरंगा यात्रा’महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से आज राज्य के सभी जिलों और तालुकों में तिरंगा यात्रा निकालकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वीरों को नमन किया गया।
‘ज़रा याद करो कुर्बानी’ की प्रेरणादायी संकल्पना के तहत यह तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक इसमें बड़ी संख्या में शामिल हुए।