मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस ने ओशिवारा इलाके में हुई फायरिंग की घटना के सिलसिले में अभिनेता-निर्माता कमाल आर. खान (केआरके) को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना पिछले रविवार को मुंबई के ओशिवारा स्थित नालंदा अपार्टमेंट के पास सामने आई थी।


पुलिस के अनुसार, फायरिंग की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि गोली किस दिशा से चलाई गई। इसके बाद अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए गोली चलने की दिशा का पता लगाया।


जांच के दौरान पुलिस ने केआरके के आवास के पास एक संदिग्ध स्थान को चिन्हित किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की। फॉरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कमाल आर. खान को शुक्रवार शाम पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।पूछताछ में यह सामने आया कि गोली केआरके के लाइसेंसी हथियार से चलाई गई थी।
अपने बयान में कमाल आर. खान ने दावा किया कि उन्होंने हथियार की सफाई के बाद अपने घर के पास स्थित मैंग्रोव क्षेत्र की ओर फायर किया था, लेकिन गोली भटकते हुए नालंदा अपार्टमेंट तक पहुंच गई।इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इसी इमारत में लेखक-निर्देशक नीरज कुमार मिश्रा (45) दूसरी मंज़िल पर रहते हैं, जबकि मॉडल प्रतीक बैद (29) चौथी मंज़िल पर निवास करते हैं।कमाल आर. खान का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने देर रात उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें आज अदालत में पेश करेगी और आगे की जांच के लिए पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।


