नव कुंडीय सहस्र चंडी महायज्ञ के लिए हुआ भूमिपूजन
30 जनवरी से 7 फरवरी तक यजमान देंगे आहुतियां
वरिष्ठ संवाददाता /मुंबई वार्ता

नव कुंडीय हवनात्मक सहस्रचंडी महायज्ञ आयोजन समिति के तत्वावधान में 30 जनवरी से 7 फरवरी तक 19 वें नव कुंडीय सहस्रचंडी हवनात्मक सहस्रचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
कांदिवली पूर्व, ठाकुर विलेज स्थित दादाजी कोणदेव मैदान में नव कुंडीय महायज्ञ यज्ञाचार्य पंडित जगदीश शास्त्री के सूक्ष्म संरक्षण में शाकंभरी माघी गुप्त नवरात्र महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 30 जनवरी को माघी गुप्त नवरात्र प्रतिपदा पर कलश स्थापना एवं कलश यात्रा के साथ महायज्ञ की शुरुआत होगी। महायज्ञ के सकुशल संपन्न होने के लिए वैदिक विधि विधान से भूमिपूजन किया गया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अंबरीश दुबे ने बताया कि अनेक सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से होने वाले महायज्ञ में प्रतिदिन हजारों भक्त सुबह हवन, शाम की आरती एवं भंडारे में शामिल होंगे। समिति के संरक्षक राधेश्याम मिश्र, बिपिन सिंह एवं अंशुल हीरामणि पांडेय के साथ यह आयोजन महाशक्ति के साधकों एवं सनातनियों के सहयोग से किया जा रहा है।
आयोजन सुचारू रूप से आयोजित हो इसके लिये एक समिति का गठन किया गया है। भूमिपूजन अवसर पर संदीप पांडेय, संजय दुबे, ललित पाल, सुरेश सिंह, त्रिपुरारी चौधरी, अशोक सिन्हा, राजनाथ पाल, राम सिंह, मुकेश सिंह, डॉ. इंदु प्रकाश तिवारी, विवेक सिंह, संतोष शुक्ल आदि उपस्थित थे।


