मुंबई वार्ता संवाददाता

“दावोस में जाकर छोटे व्यापारी एवं महिला सशक्तिकरण के विषय को रखने के लिए स्मृति ईरानी जी का बहुत धन्यवाद : शंकर ठक्कर
स्मृति ईरानी बोलीं- एक लाख महिलाओं को भी बनाएंगे आर्थिक रूप से सशक्त
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय खाद्य तेल व्यापारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर ठक्कर ने बताया पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कैट की सलाहकार श्रीमती स्मृति इरानी ने दावोस में हो रही विश्व आर्थिक मंच (WEF) की बैठक में भारत देश के छोटे व्यापारियों के उत्थान एवं महिलाओं को आर्थिक सशक्त बनाने वाली व्यापार निकाय कैट के छोटे व्यापारियों को मजबूत एवं महिला सशक्तिकरण के तहत साझेदारी की घोषणा की है। इस पहल में भारत ने बीते एक साल में काफी सफलता हासिल की है। अब हम भारत में 48000 संगठनों के समूह कैट के छोटे व्यापारियों एवं एक लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएंगे।
स्मृति ईरानी ने कहा कि,”पिछले साल भारत ने सीआईआई के साथ मिलकर बिल गेट्स फाउंडेशन की मदद से वैश्विक भलाई, लैंगिक समानता और समानता के लिए गठबंधन की स्थापना की थी। इसका उद्देश्य देश के साथ-साथ दुनिया में भी महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना था। हमारा मानना है कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल या उद्योग और उद्यम की दुनिया हर जगह महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि एक साल में हमने लगभग 4,500 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ दुनिया भर में महिलाओं से जुड़ी नीतियों को प्रभावित करने की कोशिश की है। हमें इसमें काफी हद तक सफलता भी मिली है। अब हमने इस गठबंधन के तहत दुनिया भर की 10,000 से अधिक कंपनियों को शामिल किया है। ताकि हम कंपनियों में महिलाओं के नेतृत्व और वैश्विक अर्थव्यवस्था में महिलाओं के योगदान को बढ़ा सकें।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ,”इस साल दावोस में हमारी दो रणनीतिक साझेदारियों की घोषणा होने जा रही है। भारत में हम 250 अलग-अलग जगहों पर लगभग एक लाख महिला उद्यमियों और छोटे व्यापारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं। इन एक लाख महिलाओं को सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे ऋण योग्य बन सकें और उनके उद्यम लाभदायक बनें।”
स्मृति ईरानी ने कहा कि,” मास्टरकार्ड, माइक्रोसॉफ्ट समेत कई कंपनियों से हमारी चर्चा हुई है। कंपनी कोई भी हो हमारा फोकस यह है कि छोटे व्यापारी एवं महिलाओं को आर्थिक उत्थान के नजरिये से देखा जाना चाहिए न कि दान के नजरिये से। भारत स्वास्थ्य नवाचार का वैश्विक गंतव्य है। हम लोगों को प्रोत्साहित करते हैं कि भारत में छोटी कंपनियां, जो पैतृक चिकित्सा या किफायती नवाचार में लगी हुई हैं, उन्हें भी समर्थन दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि वी लीड के अलावा अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच के तहत सावी नामक सहयोग समझौता किया जाएगा। इसमें दक्षिण एशिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऊर्जा क्षेत्र में विशेष घोषणा की जाएगी।
शंकर ठक्कर ने स्मृति ईरानी जी का आभार जताते हुए कहा इतने बड़े मंच पर जाकर भारत के छोटे व्यापारी एवं महिला उद्यमियों के विषय में चिंता करने के लिए हम स्मृति जी का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं और उनके मार्गदर्शन में निश्चित तौर पर देश के छोटे व्यापारी एवं महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने में सफलता मिलेगी।