खेल मंत्री दत्तात्रय भरणे ने दूरदर्शन प्रणाली के माध्यम से खिलाड़ियों को दी बधाई
राज्य सरकार द्वारा दिए गए दस करोड़ रुपये के अनुदान के लिए खिलाड़ियों ने किया धन्यवाद
इंद्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

खो-खो का पहला विश्व कप दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेला गया। इस प्रतियोगिता में भारतीय महिला और पुरुष टीमों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने नेपाल को हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की।
इस जीत के बाद खेल मंत्री दत्तात्रय भरणे ने दूरदर्शन प्रणाली के माध्यम से खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें बधाई दी।खो-खो के लिए खेल मंत्री भरणे के निर्देश पर दस करोड़ रुपये की राशि हाल ही में दी गई थी। इस अनुदान के लिए खिलाड़ियों ने खेल मंत्री भरणे का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर मंत्री भरणे ने कहा कि अनुदान देना हमारी जिम्मेदारी है, लेकिन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और काबिलियत से इस राशि का सही उपयोग किया है। भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। हमें उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।महाराष्ट्र की बेटी प्रियांका इंगळे के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। खो-खो विश्व कप पर भारतीय टीम ने अपनी छाप छोड़ी है। महिला और पुरुष दोनों टीमों ने नई दिल्ली में फाइनल मुकाबले में नेपाल को बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले से लेकर हर मैच में अपना दबदबा बनाए रखने वाली इन दोनों टीमों ने फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया।
“यह विजय अविस्मरणीय है। इस उपलब्धि पर महाराष्ट्र को गर्व है,”इन शब्दों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खो-खो के पहले विश्व कप में भारत का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली भारतीय महिला और पुरुष टीमों को बधाई दी है।
दोनों टीमों की कप्तानी महाराष्ट्र के पास रहते हुए यह ऐतिहासिक जीत हासिल होने पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र ने विशेष खुशी व्यक्त की। उन्होंने महिला टीम की कप्तान प्रियंका इंगळे और पुरुष टीम के कप्तान प्रतीक वाईकर की प्रशंसा करते हुए कहा कि, ” इन दोनों ने महाराष्ट्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।”
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “पहले ही विश्व कप पर भारत का नाम अंकित करने का कार्य हमारे महाराष्ट्र के सपूतों ने किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए विश्व विजेता महिला टीम की कप्तान प्रियंका इंगळे के साथ टीम की खिलाड़ी अश्विनी शिंदे, रेश्मा राठौड़, वैष्णवी पवार, और पुरुष टीम के कप्तान प्रतीक वाईकर के साथ सुयश गरगटे, अनिकेत पोटे, आदित्य गनपुले और रामजी कश्यप की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है।इस जीत में पुरुष टीम के कोच शिरीन गोडबोले, महिला टीम की कोच प्राची ताई वाईकर, और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अमित रावहाटे के मार्गदर्शन का बड़ा योगदान है। इन सभी ने अपनी टीम वर्क से देश के लिए यह ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इस सफलता में खिलाड़ियों की मेहनत के साथ उनके परिवार का समर्थन भी महत्वपूर्ण है।”
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी को दिल से बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रकट की हैं।