मुंबई वार्ता संवाददाता
पूर्वोत्तर रेल्वे के गोरखपुर जंक्शन से मुंबई के पनवेल होते हुए पुणे और फिर वापस गोरखपुर तक एक नई ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है।
इस ट्रेन की प्राइमरी मरम्मत का काम भी अब पूरा हो चुका है, जो गोरखपुर में ही की जाएगी। विशेष बात यह है कि इसे एक स्पेशल ट्रेन के बजाय नियमित ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि होली के बाद इस ट्रेन की नियमित सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। इसके साथ ही, पूर्वोत्तर रेल्वे ने रैक बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान की जा सकेगी। इस नई ट्रेन सेवा से यात्रियों को गोरखपुर से मुंबई और पुणे तक यात्रा करने में आसानी होगी।
गोरखपुर से मुंबई के लिए इस समय 6 ट्रेनें उपलब्ध हैं, लेकिन पुणे के लिए केवल दो गाड़ियाँ चलती हैं, और वे भी साप्ताहिक आधार पर। इनमें से एक ट्रेन गुरुवार को लखनऊ होते हुए चलती है, जबकि दूसरी शनिवार को प्रयागराज के रास्ते पुणे जाती है। इन दोनों ट्रेनों में हमेशा यात्रियों की भारी भीड़ रहती है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को देखते हुए, यदि एक सर्कुलर ट्रेन का संचालन शुरू होता है, तो इससे मुंबई और पुणे के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।


