मुंबई वार्ता संवाददाता

पंतनगर पुलिस स्टेशन में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक महिला ने दो अन्य महिलाओं के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। आरोपी महिला का नाम सायना नसीम खान और तबस्सुम अब्दुल जलील कल्याणकर बताया जा रहा है।
३४ वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि घाटकोपर पूर्व में उसका ‘रीच’ नाम से एक ब्यूटी पार्लर है। जहां चार महिलाएं काम करती है। वर्ष २०२० से वह अपना सैलून चला रही है। उसके पहले वह जहां काम करती थी, वहां नसीम शेख भी काम किया करता था, इसलिए दोनों में जान- पहचान थी। नसीम के पास जो भी घाटकोपर के कस्टमर फोन करते थे, वह रीच ब्यूटी पार्लर में भेज दिया करता था।
७ दिसंबर को दोपहर ३:४५ बजे के करीब तीन महिलाएं ब्यूटी पार्लर में घुस आई, जिनमें से दो ब्यूटी पार्लर की पहली मंजिल पर गई और शोरगुल करने लगीं. तभी ब्यूटी पार्लर की मालकिन ने दोनों महिलाओं को रोककर बात करने की कोशिश की. उसी समय एक महिला ने चेहरे से बुर्का उठाया और पूछा कि तुम नसीम से क्यों बात करती हो?
उसके बाद उसने ब्यूटी पार्लर मालकिन की तरफ मिर्ची का पाउडर फेंका और एक चाकू से गर्दन के पास वार कर दिया, लेकिन तभी ब्यूटी पार्लर में मौजूद बाकी कर्मचारी और ग्रहकों ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और पंतनगर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना में शामिल एक महिला भागने में कामयाब रही।