मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

डोंबिवली के एक होटल में धक्का देने के विवाद को लेकर हुआ झगड़ा बढ़ गया और एक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई।


मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के सूत्रों ने बताया कि यह घटना शनिवार आधी रात को डोंबिवली के एमआईडीसी फेज-१ इलाके के एक होटल में हुई। चाकू से हुए हमले में आकाश भानु सिंह (३८) की मौत हो गई।आकाश अपने दोस्तों के साथ होटल में खाना खाने गया था, जहाँ आरोपी ने उसे धक्का दे दिया। इसी बात को लेकर आरोपी और उसके साथियों में बहस हो गई।
इस दौरान आरोपी और उसके साथियों ने आकाश की पिटाई शुरू कर दी। आकाश के दो दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन एक आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


इस मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जाँच जारी है।


