मुंबई वार्ता/सतीश सोनी
महाराष्ट्र के धुले में एक सरकारी गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 से 1 करोड़ 84 लाख 84 हजार दो सौ रुपये की नकदी बरामद हुई है. यह कमरा पिछले कुछ दिनों से विधायक अर्जुन खोतकर के करीबी सहयोगी के नाम पर पंजीकृत था.

धुले के पूर्व विधायक अनिल गोटे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर आरोप लगाया है कि यह सारा पैसा विधानमंडल की अनुमान समिति के 11 विधायकों को देने के लिए लाया गया था.अनिल गोटे को जैसे ही इस संबंध में जानकारी मिली, उन्होंने 21 मे की रात 10 बजे से ही सरकारी गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 के बाहर डेरा डाल दिया था.
गोटे ने यह भी आरोप लगाया कि सभी अधिकारियों को फोन करने के बाद भी कोई अधिकारी जांच के लिए जल्दी नहीं पहुंचा. हालांकि, देर रात पुलिस दल सरकारी गेस्ट हाउस पहुंचा और लगभग 1 बजे से 4 बजे तक इस संबंध में पूछताछ की गई. कमरा नंबर 102 में मिले पैसे भी गिने गए हैं. हालांकि यह खुलासा नहीं हो पाया है कि यह सारा पैसा किसने और किसलिए लाया था ?
पूर्व विधायक अनिल गोटे ने सनसनीखेज आरोप लगाया है कि यह पैसा सरकारी अधिकारियों द्वारा विधानमंडल की अनुमान समिति के विधायकों को देने के लिए लाया गया था. इस घटना से हड़कंप मच गया है, और यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच के बाद क्या रहस्य सामने आता है.


