श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

पश्चिम बंगाल, बंसीहारी पुलिस थाने के इलाके में एक बुकी मिथुन चक्रवर्ती की हत्या कर फरार आरोपी को मुंबई क्राइम ब्रांच 1 ने बांद्रा इलाके से गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावाडे ने दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बंसीहारी पुलिस थाने में 14 अक्टूबर 2024 को एफआईआर क्रमांक 397/24 के अंतर्गत एक बुकी मिथुन चक्रवर्ती की हत्या का मामला दर्ज किया गया था।इस मामले में पांच लोग आरोपी बनाए गए थे जिनमें 3 आरोपी अभी भी फरार हैं।
मुंबई क्राइम ब्रांच 1 ने गुप्त सूचना के आधार पर बांद्रा, खेरवाडी से रबीउल मियां उर्फ बाबू(34) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान बाबू ने उक्त आरोपों को स्वीकार किया है। वारदात के बाद से ही बाबू फरार था। दो महीने उसने लोनावाला इलाके में मजदूरी की और कुछ दिन पहले ही बांद्रा रहने आया था।
वरिष्ठों के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कांबले,पुलिस निरीक्षक रविन्द्र मंजरे, सहायक पुलिस निरीक्षक जितेंद्र शेडगे, पुलिस हवलदार विनोद, दीपक एवं धर्मेंद्र ने की है।