श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में फेरीवालों की समस्या इतनी विकराल रूप लेती जा रही है कि अब इससे निपटने के लिए जनप्रतिनिधियों को भी पत्राचार करना पड़ रहा है।


विलेपार्ले विधानसभा के विधायक पराग आलवानी ने मुंबई महानगर पालिका और स्थानीय पुलिस थाने को पत्र लिखकर अवैध फेरीवालों को हटाने की गुहार लगाई है।


दरअसल बांग्लादेशी फेरीवालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की कोशिश करते हुए कुछ दिन पूर्व स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता दिपेश सावंत ने सड़कों पर उतरकर फेरीवालों की जांच की। उन्होंने स्थानीय पुलिस को पत्र लिख कर बांग्लादेशी फेरीवालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की।
अवैध फेरीवालों के ख़िलाफ़ स्थानीय लोगों की लगातार मिल रही शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय भाजपा विधायक पराग आलवानी मनपा अधिकारियों से बैठक कर इस मामले में कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।


इसी मामले के बारे मे पूछने पर विलेपार्ले पुलिस थाने के कार्यकारी पुलिस निरीक्षक सोनावणे ने बताया कि स्थानीय विधायक का पत्र मिला है। जब भी अवैध फेरीवालों के ख़िलाफ़ महानगर पालिका कार्रवाई करेगी और हमसे सुरक्षा की मांग करेगी, हम पूरी मदद करेंगे। आगामी सप्ताह के अंदर ही अवैध फेरीवालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जा सकती है।


