● प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला की उपस्थिति और प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का नेतृत्व
मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य में कुछ ताकतें जानबूझकर जाति और धर्म के नाम पर अशांति पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। पिछले महीने नागपुर में भड़की धार्मिक हिंसा के पीछे भी यही ताकत थीं। कांग्रेस की भूमिका यह है कि राज्य में शांति बनी रहे और सामाजिक सद्भाव बढ़े। इसी उद्देश्य से महाराष्ट्र कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में बुधवार 16 अप्रैल को नागपुर में सद्भावना शांति मार्च का आयोजन किया है।


इस मार्च में प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सह-प्रभारी कुणाल चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
सद्भावना शांति मार्च, बुधवार की सुबह 10 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा चौक, गांधी गेट महल से शुरू होगी और कोतवाली पुलिस स्टेशन, बड़कस चौक, चिटनिस पार्क, देवडीया भवन, भालवारपुरा चौक, गंजपेठ से होते हुए राजवाड़ा पैलेस पर समाप्त होगी।
नागपुर हिंसा के बाद महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता माणिकराव ठाकरे और अन्य नेताओं की एक समिति का गठन किया था, ताकि वे नागपुर में घटनास्थल का दौरा कर लोगों से बात कर सकें, लेकिन स्थानीय पुलिस ने कांग्रेस समिति को इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद कांग्रेस कमेटी ने नागपुर में विभिन्न संगठनों और नागरिकों के साथ पूरी घटना पर चर्चा की है और मुंबई में महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर घटना के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा है।
सपकाल ने कहा कि महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में सामाजिक सद्भाव और शांति को बढ़ावा देने के लिए शांति मार्च का आयोजन किया है।