● मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री विजय शाह दोनों पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाए।
मुंबई वार्ता संवाददाता

ऑपरेशन सिंदूर की गौरवपूर्ण सफलता भारतीय सेना की है और पूरे देश को इस पराक्रम पर गर्व है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कुछ बड़बोले नेता जानबूझकर सेना का अपमान करने वाले बयान दे रहे हैं। मध्य प्रदेश के एक मंत्री विजय शाह के बेहूदा बयान के बाद अब वहां के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का भी बयान सेना का अपमान करने वाला है। इन भाजपा नेताओं के बयानों को लेकर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, ऐसी मांग महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की है।


टिळक भवन में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में जो बयान दिया वह बेहद आपत्तिजनक था, और पूरे देश से इस पर आक्रोश व्यक्त किया गया है। इसके बाद अब भाजपा के एक और नेता ने बेहूदा बयान दिया है कि “पूरा देश, सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।” यह बयान भारतीय सेना की वीरता, संस्कृति और परंपरा का घोर अपमान है।
मंत्री विजय शाह पर अब तक भाजपा ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जब भाजपा के नेता ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जे. पी. नड्डा चुप क्यों हैं? भाजपा एक अहंकारी और निरंकुश पार्टी बन चुकी है, लेकिन जनता यह अपमान कतई सहन नहीं करेगी। भाजपा के मंत्री विजय शाह और जगदीश देवड़ा इन दोनों पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाए, और इन विकृत मानसिकता वाले लोगों को पागलखाने में भर्ती कराया जाए, ऐसा भी हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।


