● वाशी आश्रम में तीन दिवसीय ज्ञानयज्ञ महोत्सव
● संत सम्मेलन व संत भंडारे में साधुओं का जमावड़ा
वरिष्ठ संवाददाता/ मुंबई वार्ता

भारतीय दर्शन आध्यात्मिक केंद्र के तत्वावधान में आश्रम के 26 वें स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय ज्ञान महायज्ञ महोत्सव का समापन संत भंडारे के साथ हुआ।
नवी मुंबई, वाशी के सेक्टर-29 स्थित आश्रम में तीन दिनों तक ज्ञानयज्ञ महोत्सव में संत महात्माओं ने विभिन्न विषयों पर ज्ञान गंगा प्रवाहित की। सत्संग का आध्यात्मिक लाभ लेने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी जुटे। ज्ञानयज्ञ महोत्सव का उद्घाटन संन्यास आश्रम राजावाड़ी के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी शुकदेवानंद गिरि महाराज ने किया। स्वामी विष्णुवल्लभानंद महाराज के संयोजन में हुए त्रिदिवसीय ज्ञान यज्ञ महोत्सव की अध्यक्षता आश्रम के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद गिरी जी महाराज ने की।


आश्रम के प्रभारी स्वामी प्रज्ञा चैतन्य महाराज के अनुसार तीन दिवसीय ज्ञान यज्ञ महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में संन्यास आश्रम विले पार्ले के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज मौजूद रहे। महोत्सव में महाराष्ट्र के साथ देश के कोने कोने से संत महात्मा शामिल हुए जिन्होंने तीन दिनों तक वेदों की व्याख्या करते हुए ज्ञान गंगा प्रवाहित की।इस अवसर पर स्वामी अवधेश चैतन्यपुरी महाराज, स्वामी मंगल चैतन्य महाराज, स्वामी रामकृष्णानंद सरस्वती महाराज, स्वामी विद्यानंद महाराज आदि संत महात्मा शामिल थे।