मुंबई वार्ता संवाददाता/भिवंडी
भिवंडी में विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। स्थानीय धामनकर नाका इलाके की रहने वाली विवाहिता ने अपने ससुराल वालों समेत 5 लोगों के खिलाफ मानसिक व शारिरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार धामनकर नाका स्थित अजंता कंपाउंड निवासी एक 25 वर्षीय युवती का विवाह छह साल पहले गुजरात राज्य सूरत के अंबावाडी झोपड़पट्टी में रहने वाले जयपाल बालूभाय वालोदरा से हुआ था। शादी के बाद से ही इसके पति समेत पूरे ससुराल वालों ने युवती पर इस बात को लेकर अत्याचार करना शुरू कर दिया कि वह अपने माता पिता के घर से पैसा लाकर उन्हें दें। जबकि युवती के पिता ने शादी के समय 6 तोला सोना, पलंग, कपाट सहित नगद रूपये तक दिए थे। बावजूद ससुराल वाले लगातार पैसों की मांग करते रहे। दहेज के लिए इंकार करने पर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करने लगे। जिसकी शिकायत पीड़ित ने भोईवाड़ा पुलिस से की है।
पुलिस ने पति समेत कुल 5 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498(अ), 406, 420, 377, 323, 504, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक आर एम कोलते कर रहे है।


