श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के बांद्रा पूर्व मे महानगर पालिका अधिकारियों की देखरेख में खुले आम अवैध इमारत का निर्माण किया जा रहा है। इस प्रकार का आरोप आदर्श समाज सेवा संघ के ए.एच. खान ने लगाया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बांद्रा पूर्व, घास बाजार रोड , नौपाडा स्थित बाबाजी बिल्डिंग क्रमांक 22 के पास पिछले साल नवंबर माह में 6000 स्क्वायर फुट में बाकायदा आरसीसी कंस्ट्रक्शन का काम शुरू किया गया था।




कुछ सामाजिक संगठनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय मनपा सहायक आयुक्त स्वप्नजा क्षीरसागर ने 27 नवंबर 2024 को संबंधित अवैध निर्माण के ख़िलाफ़ 354(a) की नोटिस जारी कर अवैध निर्माण को तुरंत रोकने का आदेश दिया।


खान ने आरोप लगाया है कि मैंने 18 मार्च 2025 को लिखित रूप से पूरे मामले की जानकारी एच पूर्व वार्ड अधिकारी क्षीरसागर मैडम को दी है।पांच महीने गुजरने के बावजूद इस अवैध निर्माण का काम शुरू ही है और इसे रोकने की एच पूर्व के मनपा अधिकारी अनदेखी कर रहे हैं। कुछ सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया है कि क्षीरसागर मैडम ने इस अवैध निर्माण को शह दे रखा है और लाखों रुपयों की रिश्वत ली है।जिस प्रकार से मनपा की स्टॉप वर्क नोटिस के बावजूद बाकायदा आरसीसी कंस्ट्रक्शन किया जा रहा है और इमारत कई मंजिला बनाने के बावजूद मनपा अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे, इससे साफ़ जाहिर होता है कि अवैध निर्माणकर्ता और मनपा वार्ड अधिकारी क्षीरसागर के बीच अवश्य ही कोई लेनदेन हुआ है।
इस मामले की जानकारी क्षीरसागर मैडम को whats app पर संदेश देकर लिखित प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।