● 37 लाख बरामद , बनना चाहता था संगीतकार , बन गया चोर .
सतीश सोनी/मुंबई वार्ता

संगीतकार और गायक प्रीतम चक्रवर्ती के स्टूडियो में हुई चोरी के मामले में मालाड पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम आशीष बूटीराम सायल उम्र 32 है. आरोपी को जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार किया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने 37 लाख,एक लेफ्टॉप और मोबाइल बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, संगीतकार गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड पर रुस्तमजी ओजोन बिल्डिंग में स्थित यूनिम्यूज रिकॉर्ड्स प्राइवेट लिमिटेड नामक स्टूडियो चलाते हैं. शिकायत उनके मैनेजर 29 वर्षीय विनीत छेड़ा ने दर्ज कराई थी .
मंगलवार को एक फिल्म निर्माता के कार्यालय से एक व्यक्ति स्टूडियो आया और भुगतान के रूप में 40 लाख रुपये नकद दिए. छेड़ा ने नकदी की गिनती की और उसे एक ट्रॉली बैग में रख लिया. चोरी हुए बैग में कथित तौर पर 500 रुपये के 8,000 नोट थे. उस समय, कार्यालय में सहायक आशीष सयाल (32 वर्ष) एवं खान नामक व्यक्ति मौजूद थे. छेड़ा इसके बाद कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर लेने हेतु चक्रवर्ती के आवास पर जाने के लिए स्टूडियो से निकल गया. जब वह लगभग 10:30 बजे वापस लौटा, तो उसने पाया कि बैग गायब है. उन्हें बताया गया की सयाल ने यह दावा करते हुए बैग ले लिया था कि वह चक्रवर्ती के घर नकदी पहुंचा रहा है.लेकिन चक्रवती के घर नहीं पहुंचा जिसके बाद चक्रवती के मैनेजर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
मालाड पुलिस के डिटेक्शन अधिकारी PSI तुषार सुखदेव की टीम ने तकनीकी और सीसीटीवी की मदद से आरोपी को जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय पन्हाले ने बताया की आरोपी सिंगिंग करना चाहता था और म्यूजिक डायरेक्टर बनने की चाह रखता था, जिसे मौका नहीं दिया गया . मौका देखकर सायल 40 लाख रुपए से भरा बेग ले उड़ा . पुलिस इस मामले में आगे की जांच पड़ताल कर रही है.


