■ महोत्सव में भव्य लेज़र शो, टेंट सिटी, पर्यटकों के लिए रोमांचक खेल, विभिन्न परिसंवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
■ देशभर के पर्यटन उद्योग विशेषज्ञ, ट्रैवल एजेंट और गाइड्स लेंगे भाग।
मुंबई वार्ता संवाददाता

पहली बार सातारा जिले के महाबलेश्वर में ‘महाबलेश्वर महापर्यटन महोत्सव 2025’ भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल (MTDC) और सातारा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में महाराष्ट्र सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। 2 से 4 मई 2025 तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्घाटन 2 मई 2025 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, अन्य मंत्रीगण और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसकी जानकारी पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने पावनगड़ निवास में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।


पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में इस महोत्सव के प्रतीक चिन्ह (लोगो) का अनावरण किया गया। पहली बार सातारा जिले में इतने बड़े स्तर पर पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पर्यटकों के लिए कई आकर्षक गतिविधियों का आयोजन होगा। महाबलेश्वर के प्रसिद्ध वेण्णा झील में शानदार लेज़र शो आयोजित किया जाएगा। गुजरात के कच्छ रण उत्सव की तर्ज पर महाबलेश्वर में 100 से अधिक टेंट्स लगाए जाएंगे। पर्यटकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त टेंट सिटी बनाई जाएगी। वेण्णा झील में एडवेंचर स्पोर्ट्स और वॉटर स्पोर्ट्स का आनंद लिया जा सकेगा।पर्यटन उद्योग विशेषज्ञों, ट्रैवल एजेंट्स और गाइड्स के लिए विशेष परिसंवाद (पैनल डिस्कशन) आयोजित किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने यह भी बताया कि महाराष्ट्र के किलों का ऐतिहासिक महत्व और पर्यटन में उनका योगदान विषय पर एक विशेष प्रस्तुति होगी। 3 मई 2025 को महाबलेश्वर के साबळे रोड पर एक भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा (मिरवणूक) निकाली जाएगी।इस महोत्सव में महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। 4 मई 2025 को समापन समारोह से पहले महाराष्ट्र की पारंपरिक लोककलाओं जैसे लावणी, गोंधल, जागर, नासिक ढोल आदि का प्रदर्शन होगा। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगा भव्य ड्रोन शो।
समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उपस्थित रहेंगे। इस दौरान महोत्सव में योगदान देने वाले उद्यमियों, ट्रैवल गाइड्स और स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा जल्द घोषित की जाएगी।पर्यटन मंत्री ने सभी पर्यटन प्रेमियों से इस भव्य महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।