● दादर के योगी सभागृह में भारत जैन महामंडल का कार्यक्रम
● कर देना समाज सेवा, सभी को भरना होगा: राज्यपाल राधाकृष्णन
● अगले साल मार्च तक देश से नक्सलवाद का उन्मूलन : पीयूष गोयल
वरिष्ठ संवाददाता/मुंबई वार्ता

देश में जब बजट की घोषणा होती है तो ज्यादातर करदाता और व्यापारी आयकर के बारे में बात करते हैं। यदि हम कर नहीं देंगे तो हम देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों की देखभाल नहीं कर पाएंगे और न ही हम सड़क और राजमार्ग बना पाएंगे। ईमानदारी से कर चुकाना देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कर चुकाना समाज सेवा भी है, इसलिए सभी को कर अवश्य चुकाना चाहिए। यह विचार राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने व्यक्त किए। वे गुरुवार को महावीर जयंती पर भारत जैन महामंडल द्वारा दादर पूर्व स्थित योगी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘महावीर स्वामी जन्म कल्याणक’ महोत्सव में बोल रहे थे।


राज्यपाल ने आगे कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अनुभव किया है कि शाकाहारी भोजन व्यक्ति की सोच बदलता है। वर्ष 2000 में जब से मैं पूर्णतः शाकाहारी बना हूं, तब से मेरे जीवन में आमूलचूल परिवर्तन आया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जैन धर्म के संदेश अहिंसा की वकालत करते हुए कहा कि बुरी प्रवृत्तियों पर नियंत्रण करना जरूरी है। केंद्र सरकार के प्रयासों से आतंकवादी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है।


अगले साल मार्च तक देश से इसका उन्मूलन कर दिया जाएगा। देश के 160 जिलों में से आज केवल 12 जिले ही नक्सलवाद से प्रभावित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाते हुए जल संरक्षण, मां के नाम पर वृक्षारोपण, स्वच्छता के लिए पुरस्कार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा, देशाटन, प्राकृतिक खेती, शांतिपूर्ण जीवन शैली, योग एवं खेल पुरस्कार तथा गरीबों की मदद का आदर्श वाक्य दिया है। इस अवसर पर आचार्य नयपद्मसागर ने मुंबई के 1,500 पब्लिक स्कूलों को पुनर्जीवित करने और वहां लाखों गरीब बच्चों को मुफ्त भोजन, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और नैतिक मूल्य प्रदान करने का संकल्प लिया।
महोत्सव में राज्यपाल द्वारा अन्य अतिथियों के साथ भारत जैन महामंडल की 125वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रकाशित ‘जैन जगत’ के विशेष अंक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में जैन साध्वी प्रियंवदा, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, सांसद मिलिंद देवड़ा, पूर्व विधायक राज पुरोहित, ललित गांधी, विजय दर्डा, सी. सी. डांगी और जैन समुदाय के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इसी तरह से मुंबई में जगह जगह आस्था के साथ भगवान महावीर का 2623 वां जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया गया।