भिवंडी/ मुंबई वार्ता संवाददाता

भिवंडी के भाजी मंडी क्षेत्र में एक महिला की पर्स से 1.65 लाख रुपए के गहने और नकदी चोरी होने की घटना सामने आई है। यह घटना उस समय हुई जब महिला भाजी मंडी में खरीदारी कर रही थी। चोरी की इस वारदात ने स्थानीय लोगों में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।


पुलिस के मुताबिक भिवंडी तालुका के अंबाडी क्षेत्र की रहने वाली कमल सुरेश खांडेकर(50) मंगलवार की दोपहर करीब 1 बजे शहर के तीनबत्ती भाजी मंडी में टमाटर खरीदने गई थीं। उनके पास एक पर्स थी, जिसमें 15,000 रुपए नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान की सोने की चेन और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। जैसे ही वह एक ठेले से टमाटर खरीदने में व्यस्त थीं, एक अज्ञात चोर उनकी नजरों से बचते हुए उनके बैग पर हाथ साफ कर गया। चोरी के बाद चोर मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घटना की शिकायत निजामपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोग में भय व्याप्त हैं। बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इस घटना ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि वह जल्द से जल्द चोर को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
2 लोगो पर पानी चोरी का केस,मुख्य जलवाहिनी में छेद कर चाल में कर रहे थे जलापूर्ति
भिवंडी शहर के पास खोणी ग्रामपंचायत की मुख्य जलवाहिनी से अवैध नल कनेक्शन लेकर पानी की चोरी करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में खोणी ग्रामपंचायत की ग्रामविकास अधिकारी साक्षी शिंदे ने शिकायत दर्ज कराई है। खोणीगांव के नेहा पार्क क्षेत्र के पास खाड़ी किनारे अवैध तरीके से नल कनेक्शन लेकर पानी चोरी करने का आरोप है।
पुलिस जांच में यह पता चला है कि कृष्णा पाटील और सागर पावशे ने खोणी ग्रामपंचायत की मुख्य जलवाहिनी से एक इंच व्यास का पाइप लगाकर अवैध नल कनेक्शन लिया। यह पानी उनके अवैध रूप से बनाए गए चाल में उपयोग हो रहा था।जबकि, इस क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है, और यह जलवाहिनी ग्रामवासियों के पीने के पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए है। इन आरोपियों ने न केवल पानी की चोरी की, बल्कि अत्यावश्यक सेवा का दुरुपयोग भी किया। इस अवैध कृत्य से ग्रामीणों के लिए उपलब्ध पानी की आपूर्ति पर सीधा असर पड़ा है।वग्रामविकास अधिकारी साक्षी शिंदे की शिकायत पर निजामपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों पर कठोर कदम उठाए जाएं ताकि पानी का दुरुपयोग रोका जा सके।