मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

मुंबई में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई के कोस्टल रोड पर एक अर्टिगा कार का एक्सीडेंट हो गया। कार वर्ली कोस्टल रोड का डिवाइडर तोड़ते हुए ३० फीट गहरे समुद्र में गिर गई। यह हादसा सोमवार (६ अक्टूबर) देर रात हुआ और गनीमत रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।


गश्त पर तैनात महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए ड्राइवर की जान बचाई। युवक का नाम फ्रेशोगर दरयुश बट्टीवाला है, जो २८ साल का है और उसे वर्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में फ्रेशोगर को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए पास के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ३० फीट गहरे पानी में गिरी कार कुछ ही पलों में नीचे पहुँच गई और अभी भी समुद्र में है।
चालक महालक्ष्मी से वर्ली की ओर तेज़ गति से गाड़ी चला रहा था, तभी उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया। गश्त पर तैनात महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवानों ने बताया कि बेकाबू कार तेज़ गति से डिवाइडर से टकराकर पानी में गिर गई। पुलिस को शक है कि चालक नशे में था। वर्ली पुलिस आगे की जाँच कर रही है।


