● एमएमआरडीए का केंद्र सरकार को प्रस्ताव
सतीश सोनी/मुंबई वार्ता

दहिसर से अंधेरी मेट्रो २ए और दहिसर से गुंदवली मेट्रो ७ लाइनों पर टिकट की कीमतें भविष्य में बढ़ने की संभावना है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने मेट्रो लाइन २ए और ७ पर किराया तय करने या संशोधित करने के लिए किराया निर्धारण समिति नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


तदनुसार, इस संबंध में एक प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। यदि यह समिति गठित होती है तो अगले डेढ़ से दो वर्षों में मेट्रो लाइन २ए और ७ के लिए टिकट की कीमतें बढ़ने की संभावना है।मेट्रो लाइन २ए और ७ पिछले दो वर्षों से सेवा में हैं। इन दोनों लाइनों का संचालन महामुंबई मेट्रो परिचालन प्रबंधन बोर्ड (एमएमएमओसीएल) द्वारा किया जाता है। इन मार्गों को अब अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। मेट्रो अपनी आसान, सुरक्षित और अत्यंत तीव्र यात्रा के कारण धीरे-धीरे लोकप्रियता हासिल कर रही है। हालांकि मेट्रो टिकट की कीमतें रेलवे की तुलना में अधिक हैं, फिर भी तेज और आसान यात्रा के कारण मुंबईकर इन दो मेट्रो लाइनों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं।
एमएमआरडीए अभी भी मार्ग पर अपेक्षित यात्री संख्या का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया है। वर्तमान में, इस मार्ग पर प्रतिदिन लगभग २,७९,००० यात्री यात्रा करते हैं। चूंकि अपेक्षित यात्री संख्या इससे अधिक है, इसलिए एमएमआरडीए को अपेक्षित राजस्व प्राप्त होता नहीं दिख रहा है। अपेक्षित राजस्व की कमी से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए एमएमआरडीए भविष्य में दोनों मार्गों पर टिकट की कीमतों में वृद्धि कर सकता है। एमएमआरडीए ने इस संबंध में कदम उठाए हैं। सूत्रों ने बताया है कि मेट्रो 2ए और 7 के लिए किराया निर्धारण समिति गठित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।


