मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के छह वार्डो में हो रही पानी की समस्या पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) ने “बाल्टी भरो” आंदोलन करने की चेतावनी दी है।ज्ञात हो कि चेंबूर स्थित अमर महल जंक्शन परिसर में मेट्रो के खंभे लगाने का कार्य जारी है।
इस दौरान ठेकेदार कंपनी की लापरवाही के कारण 1,200 मिमी व्यास की मुख्य जलवाहिनी को भारी नुकसान हुआ है। मरम्मत कार्य के चलते पास में ही स्थित 1,800 मिमी व्यास की दूसरी जलवाहिनी को भी बंद करना पड़ा। इसके चलते मुंबई के छह प्रमुख वॉर्डों में जल आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प हो गई है, जिससे केईएम, टाटा, वाडिया और एमजीएम जैसे महत्वपूर्ण अस्पतालों को भी जलसंकट का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर स्थिति के कारण लाखों मुंबईकरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अस्पतालों में भर्ती मरीजों पर भी इसका प्रतिकूल असर हुआ है। इसके अतिरिक्त लाखों लीटर पानी बर्बाद होने से जल संसाधनों की भारी क्षति हुई है।
इस पृष्ठभूमि में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रवक्ता व मुंबई युवक अध्यक्ष ॲड. अमोल मातेले ने मुंबई मेट्रो प्राधिकरण और बृहन्मुंबई महानगरपालिका जल अभियंता विभाग से निम्नलिखित मांगें की हैं:
■ दोषी ठेकेदार कंपनी का अनुबंध तत्काल रद्द किया जाए।
■ संबंधित कंपनी पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
■ इस मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
यदि उपरोक्त मांगों को तुरंत स्वीकार कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो मुंबई में आम नागरिकों को हो रही जल समस्या के विरोध में राष्ट्रवादी कांग्रेस शरद पवार पार्टी की ओर से जल अभियंता कार्यालय के समक्ष प्रतीकात्मक “बाल्टी भरो” आंदोलन किया जाएगा, ऐसी स्पष्ट चेतावनी ॲड. अमोल मातेले ने दी है।
उन्होंने कहा कि मुंबईकरों की जीवनावश्यक आवश्यकताओं पर आघात न हो, इसके लिए प्रशासन को तुरंत कदम उठाने चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए – यही हमारी ठोस मांग है।