● शनिवार को भद्रा के साए में की जाएगी गणपति पूजा
● श्री सिद्धिविनायक मंदिर प्रभादेवी एवं टिटवाला में तैयारी
वरिष्ठ संवाददाता /मुंबई वार्ता

आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की विनायक चतुर्थी का व्रत शनिवार 28 जून को रवि योग, हर्षण योग, सर्वार्थसिद्धि योग के शुभ संयोग में किया जाएगा। इस वर्ष विनायक चतुर्थी पर भद्रा का साया भी रहेगा। इस भद्रा का वास मृत्यु लोक यानि धरती पर होगा, इसलिए इस समय पूजा के अलावा कोई भी शुभ कार्य नहीं करना चाहिए।


मान्यता है कि विनायक चतुर्थी के दिन चंद्रमा को देखना वर्जित होता है। मान्यता है कि चौथ के दिन चंद्रमा का दर्शन करने से कलंक लगता है। वैसे तो विनायक और संकष्टी चतुर्थी पर सभी गणपति मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है लेकिन दादर पश्चिम, प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर एवं टिटवाला पूर्व स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में सबसे जयादा भक्त जुटेंगे। इसके लिए यहां विशेष तैयारी की जा रही है।
मैहर शक्तिपीठ धाम के ज्योतिषाचार्य पंडित मोहन द्विवेदी ने बताया कि पंचांग के अनुसार आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि शनिवार 28 जून को सुबह 9:54 बजे से प्रारंभ होगी। चतुर्थी तिथि का समापन रविवार 29 जून को सुबह 9:14 बजे बजे होगा। तिथि गणना के अनुसार विनायक चतुर्थी शनिवार 28 जून को मनाई जाएगी। इस वर्ष विनायक चतुर्थी के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त 2 घंटे 47 मिनट का है। विनायक चतुर्थी पर गणेश पूजा दिन में 11:01 बजे से दोपहर 1:48 बजे तक की जा सकती है।
विभिन्न योगों का संयोग विनायक चतुर्थी के दिन रवि योग सुबह में 6:35 बजे से पूरे दिन तक है। रवि योग 29 जून को सुबह 5:26 बजे खत्म होगा। इसके अलावा इस दिन हर्षण योग और वज्र योग भी बनेंगे। हर्षण योग प्रात:कान से शाम 7:15बजे तक है, उसके बाद वज्र योग बनेगा। चतुर्थी के दिन पुष्य नक्षत्र सुबह 6;35 बजे तक है, उसके बाद अश्लेषा नक्षत्र है। इस दिन अभिजीत मुहूर्त दिन में 11:56 बजे से दोपहर 12:52 बजे तक है। चतुर्थी का निशिता मुहूर्त देर रात 12: 04 बजे से 12:45 बजे तक है।
विनायक चतुर्थी को रात में भद्रा का सायापंडित मोहन द्विवेदी के अनुसार इस वर्ष विनायक चतुर्थी के दिन भद्रा लग रही है। भद्रा का प्रारंभ रात में 9:28 बजे होगा, जो 29 जून को सुबह 5:26 बजे तक रहेगी। इस भद्रा का वास धरती पर होगा, लेकिन विनायक चतुर्थी की पूजा में यह बाधा नहीं बनेगी। श्री सिद्धिविनायक दादर और टिटवाला मंदिर में विशेष तैयारी आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की विनायक चतुर्थी पर दादर पश्चिम के प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर और टिटवाला पूर्व स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में भक्तों की जुटने वाली भीड़ के मद्देनजर विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन उपलब्ध हो सके।
श्री सिद्धिविनायक मंदिर प्रभादेवी के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ निजी सुरक्षा रक्षक भीड़ को नियंत्रित करेंगे। टिटवाला सिद्धिविनायक गणपति मंदिर के ट्रस्टी ईशान योगेश जोशी ने बताया कि वैसे तो रोजाना बड़ी संख्या में भक्त आते हैं लेकिन विनायक चतुर्थी पर यह संख्या लाख तक पहुंच सकती है। इसलिए मंदिर प्रबंधन और स्थानीय पुलिस ने आषाढ़ी विनायक चतुर्थी पर मिलकर विशेष तैयारी की है।


