मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

विरार में स्लैब गिरने से एक महिला की मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान अल्फिया अब्बास मानसवाला (५४) के रूप में हुई है। हादसा गुरुवार आधी रात को हुआ।
पिछले ११ दिनों में वसई विरार शहर में स्लैब गिरने की यह तीसरी घटना है। इन तीन हादसों में अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है।


विरार पश्चिम के एमबी एस्टेट में मर्चेंट अपार्टमेंट नाम की एक बिल्डिंग है। इस बिल्डिंग के सी विंग की दूसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर ११ में मानसवाला परिवार रहता है। हुसैन मानसवाला अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बेडरूम में सो रहे थे, जबकि उनके माता-पिता हॉल में सो रहे थे। अचानक आधी रात को घर में स्लैब गिर गया। इसमें उनकी मां घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए विरार के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अल्फिया मानसवाला की शुक्रवार दोपहर को इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बताया है कि इस मामले में बोलिंगज पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पिछले ११ दिनों में वसई विरार शहर में स्लैब गिरने की यह तीसरी घटना है। इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, इसलिए जर्जर और खतरनाक इमारतों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया है।