राजन बलसाने /मुंबई वार्ता

शहाड पुल के पास यातायात जाम की समस्या अब खत्म होने की ओर है। मंगलवार को यातायात पुलिस, शहर पुलिस और मनपा विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इस क्षेत्र में अवैध रूप से बने दो रिक्शा स्टैंड को हटा दिया। यह कदम यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया ।
शहाड स्टेशन ,कल्याण, उल्हासनगर, महारल गांव और खेमानी जैसे क्षेत्र यात्रियों का प्रमुख केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं, लेकिन अव्यवस्थित तरीके से खड़े रिक्शों के कारण यातायात हमेशा बाधित रहता था।
मनपा के नोडल अधिकारी गणेश शिंपी ने बताया कि शहाड स्टेशन पर दो वैध रिक्शा स्टैंड हैं, लेकिन अवैध रूप से दो और स्टैंड बना दिए गए थे, जो जाम का मुख्य कारण बन रहे थे।मंगलवार को यातायात विभाग ने इन अवैध स्टैंड को हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान रिक्शा चालकों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध स्टैंड को हटा दिया।
यातायात विभाग के अधिकारी अविनाश भाम्बरे ने बताया कि इस कार्रवाई की जानकारी पहले ही रिक्शा यूनियन को दी गई थी। साथ ही यह चेतावनी दी गई है कि भविष्य में अगर कोई अवैध स्टैंड बनाया गया या वहां रिक्शा खड़ा किया गया, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई से यात्रियों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। यातायात विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि शहाड स्टेशन पर नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि भविष्य में अव्यवस्था न हो। प्रशासन के इस कदम को यात्रियों और स्थानीय निवासियों ने सराहा है।