मुंबई वार्ता संवाददाता

1.5 करोड़ प्राथमिक सदस्य पंजीकरण का लक्ष्य प्राप्त करने का विश्वास .
भारतीय जनता पार्टी द्वारा चल रहे संगठन पर्व के तहत 10 जनवरी को प्राथमिक सदस्य पंजीकरण के लिए ‘घर चलो’ अभियान का आयोजन किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को यह जानकारी दी कि पार्टी के सभी मंत्री, पंचायत से संसद तक के सभी जनप्रतिनिधि, सभी पदाधिकारी इस अभियान में हिस्सा लेंगे। इस बात की जानकारी मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में चन्द्रशेखर बावनकुले नेदी।
इस अवसर पर संगठन पर्व के प्रभारी विधायक रवींद्र चव्हाण, विधायक शिवाजी कर्डिले, प्रदेश महासचिव विधायक विक्रांत पाटिल, प्रदेश महासचिव राजेश पांडे, विजय चौधरी, मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन उपस्थित थे।
इस अवसर पर बावनकुले ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी के डेढ़ करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा। पार्टी के संगठन पर्व के तहत राज्य में सदस्यता पंजीकरण अभियान शुरू किया गया है। 5 जनवरी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत सभी प्रमुख नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी बूथ स्तर पर जाकर इस अभियान में शामिल हुए। 10 जनवरी को पार्टी के सभी प्रमुख नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी इस अभियान में भाग लेंगे और प्रत्येक बूथ पर कम से कम 40-50 घरों में जाकर प्राथमिक सदस्यों का पंजीकरण करेंगे।पार्टी ने राज्य में डेढ़ करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
प्रारंभिक सदस्य पंजीकरण के बाद सक्रिय सदस्य पंजीकरण अभियान शुरू होगा। एक बूथ पर 5 सक्रिय सदस्य पंजीकृत किए जाएंगे और राज्य में 5 लाख सक्रिय सदस्य पंजीकृत किए जाएंगे, इस बात का भी बावनकुले ने उल्लेख किया।
बावनकुले ने यह भी दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के विकसित महाराष्ट्र के सपने को पूरा करने के लिए सदस्यता पंजीकरण अभियान को प्रतिसाद देंगे।


