● सद्भावना यात्रा की शुरुआत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को मढ़ी, भगवानगढ़ और नारायणगढ़ में सामाजिक समरसता के लिए गुरुजनों और महापुरुषों का लेंगे आशीर्वाद ।
● सद्भावना यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा सामाजिक समूहों के लोग भाग लेंगे।
मुंबई वार्ता संवाददाता
राज्य में सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना समय की मांग है, इसलिए कांग्रेस पार्टी ने सद्भावना पदयात्रा का आयोजन किया है। यह यात्रा शनिवार, 8 मार्च को बीड के मासाजोग गांव शुरू होगी।
उससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल मढ़ी स्थित कानिफनाथ की समाधि और भगवानगढ़ स्थित संत श्री भगवान बाबा की समाधि और नारायणगढ़ में भगवान नगद नारायण का आशीर्वाद लेने के साथ राज्य में सामाजिक सद्भाव के लिए प्रार्थना करेंगे।
शनिवार 8 मार्च को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल मासाजोग गांव के दिवंगत सरपंच संतोष देशमुख को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके परिजनों से मिलेंगे। इसके बाद वे 51 किलोमीटर की सद्भावना पदयात्रा की शुरुआत करेंगे। दो दिनों की यात्रा के बाद यह पदयात्रा रविवार 9 मार्च की शाम को बीड पहुंचेगी। पदयात्रा का समापन वहां एक सद्भावना सभा के साथ होगा।
इस सद्भावना यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पूर्व न्यायमूर्ति बी. जी. कोलसे पाटिल, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, विधान परिषद में समूह नेता सतेज उर्फ बंटी पाटिल, पूर्व मंत्री और विधायक डॉ.विश्वजीत कदम, हिमाचल प्रदेश प्रभारी और सांसद रजनीताई पाटिल, जालना सांसद डॉ. कल्याण काले, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन जोशी, मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे सहित सभी प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
इस यात्रा से पहले प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल शुक्रवार सुबह अहिल्यानगर जिले के आदर्श ग्राम हिवरे बाजार में पोपटराव पवार से मुलाकात करेंगे। दोपहर बाद वे पाथर्डी तालुका के मढ़ी जाएंगे और संत कनीफनाथ की समाधि, भगवानगढ़ में संत भगवान बाबा की समाधि तथा नारायणगढ़ में भगवान नगद नारायण का दर्शन करने के बाद सामाजिक सद्भाव और शांति के लिए प्रार्थना करेंगे।