● पुलिस की लापरवाही पर लोगों में आक्रोश
मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

बुलढाणा जिले के खामगांव तहसील अंतर्गत आनेवाले पिंपलगांव राजा के पेठ पुरा इलाके में 9 साल की बच्ची के साथ बलात्कार करने और उसे गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में पुलिस ने 24 साल के रेहान खान मुख्तार खान को गिरफ्तार किया है।


प्राप्तजानकारीकेअनुसार पिंपलगांव राजा में चिकन सेंटर चलाने वाले आरोपी रेहान खान की पेठपुरा इलाके में किराना दुकान पर जब पीड़िता अंडे खरीदने आई तो आरोपी ने 50 रुपये का नोट दिखाकर लड़की को चिकन सेंटर की दुकान पर बुलाया। उस बच्ची को अपने दुकान के अंदर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया।
पीड़िता ने घटना के बारे में अपने परिजनों को बताया। इसके बाद परिजन तुरंत पिंपलगांव राजा पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी और पीड़िता बच्ची एक ही समुदाय से हैं और कुछ ही समय में यह मामला इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गया। नागरिक तुरंत पिंपलगांव राजा पुलिस स्टेशन पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पिंपलगांव राजा पुलिस स्टेशन पर सात-आठ सौ लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। नागरिक पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने में की गई देरी पर गुस्सा व्यक्त कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पीड़िता को जांच और उपचार के लिए खामगांव जनरल अस्पताल भेज दिया। नागरिकों के गुस्से को देखते हुए पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कीं और आरोपी को नांदुरा तालुका के वासाडी से गिरफ्तार कर लिया।


