मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता पार्टी की महायुति सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के स्मारकों को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल किया कि अरब सागर में प्रस्तावित छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक और इंदू मिल परिसर में बनने वाला डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का स्मारक आखिर कब तक पूरा किया जाएगा।


राजहंस ने कहा कि भाजपा महायुति सरकार चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की घोषणाएं ‘लबाड़ा घरचे जेवण’ जैसी साबित हो रही हैं। उनका कहना है कि चुनाव के समय की गई घोषणाओं को बाद में ‘चुनावी जुमला’ बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है।
उन्होंने बताया कि अरब सागर में भव्य स्मारक के लिए वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों जलपूजन किया गया था, लेकिन अब तक एक भी ईंट नहीं रखी गई है। इसी तरह डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के इंदू मिल स्थित स्मारक का निर्माण भी अभी तक पूरा नहीं हुआ है।राजहंस ने आगे कहा कि संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के नायक साहित्यरत्न अण्णा भाऊ साठे के अंतरराष्ट्रीय स्मारक की घोषणा भी की गई थी, लेकिन उसका भी कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। इसके अलावा मराठी भवन के निर्माण की घोषणा के बावजूद अब तक इमारत नहीं बनी है।
उन्होंने कहा कि मराठी भाषा गौरव दिन पर मराठी भाषा को लेकर बड़े-बड़े भाषण दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं होता। सरकार को कम से कम मराठी भाषा भवन का निर्माण तो करना ही चाहिए।


