मुंबई वार्ता संवाददाता

बीएमसी की ओर से आयोजित ‘वृक्ष संजीवनी अभियान’ का शुभारंभ आज उपमहापौर संजय घाडी के हाथों किया गया। दहिसर स्थित अशोकवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।‘वर्ल्ड अर्थ डेक ’ (22 अप्रैल) के उपलक्ष्य में यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे मुंबई में चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य शहर में पेड़ों का संरक्षण और संवर्धन करना है।


अभियान के तहत पेड़ों के आसपास जमा सीमेंट-कंक्रीट हटाकर वहां लाल मिट्टी डालना, पेड़ों पर ठोके गए कील, विज्ञापन बोर्ड, रस्सियां और केबल हटाना, तथा पैदल यात्रियों को बाधा बनने वाली शाखाओं की छंटाई जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही पेड़ों के तनों पर गेरू-चूना लगाकर उन्हें सुरक्षित रखने की पहल भी की जाएगी।इस मौके पर शिवसेना उपनेता संजय घाडी, ‘आर उत्तर’ विभाग के सहायक उद्यान अधीक्षक निलेश धनावड़े, पूर्व टेस्ट क्रिकेटर सुरेश नायक सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।


दहिसर के मुंबई पब्लिक स्कूल, अशोकवन के विद्यार्थियों ने वृक्ष संरक्षण पर जागरूकता गीत प्रस्तुत किया और पोस्टरों के माध्यम से लोगों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की।बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने मुंबईकरों से बड़ी संख्या में इस अभियान में शामिल होकर शहर की हरित संपदा को संरक्षित करने का आह्वान किया है।


