कांग्रेस ही भाजपा का सक्षम विकल्प, 2029 में देश में कांग्रेस की सत्ता: हर्षवर्धन सपकाल।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

कांग्रेस पार्टी देश और राज्य में एक सक्षम विपक्ष के रूप में कार्य कर रही है। कांग्रेस ही भाजपा का वास्तविक विकल्प है। आने वाले समय में कांग्रेस की ताकत और बढ़ेगी, इसके लिए जोश के साथ काम करें। वर्ष 2029 में देश में कांग्रेस की सत्ता आएगी, ऐसा विश्वास महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने व्यक्त किया।

कोंकण विभाग के जनप्रतिनिधियों की तीन दिवसीय आवासीय कार्यशाला का शुभारंभ शुक्रवार को चिपळूण के धवल घाग व्यापारी संकुल में प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के हाथों हुआ।

इस अवसर पर पूर्व सांसद हुसेन दलवाई, प्रदेश उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) एड. गणेश पाटील, पूर्व विधायक हुस्नबानो खलिफे, प्रदेश कांग्रेस प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख आशुतोष शिर्के, रत्नागिरी उत्तर जिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष सोनललक्ष्मी घाग, वरिष्ठ नेता रमेश कीर, प्रदेश उपाध्यक्ष आबा दलवी, प्रदेश महासचिव गुरबिंदर सिंह बच्छर, शशांक बावचकर, एड. श्रद्धा ठाकूर, रत्नागिरी जिला समन्वयक सुरेश कातकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला में तीन दिनों तक विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा। कोंकण में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा। हाल ही में हुए स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग, दबाव और धनबल के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दृढ़ता से संघर्ष किया। आगे कोंकण में कांग्रेस विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाए।

पूर्व सांसद हुसेन दलवाई ने कहा कि भारतरत्न महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने विश्व की सर्वश्रेष्ठ संविधान व्यवस्था दी है, जिसने जाति, धर्म, अमीर-गरीब, महिला-पुरुष का भेद किए बिना सभी को मतदान का अधिकार दिया। भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य का प्रश्न भी गंभीर है। सरकारी अस्पतालों की स्थिति दयनीय है और आम लोग निजी अस्पतालों में इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पराजय से डरना नहीं चाहिए और जनता के बीच जाना चाहिए।

■ राज्यसभा कांग्रेस लड़े, विधान परिषद शिवसेना लड़े

पत्रकारों से बातचीत में प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की भूमिका को देखते हुए राज्यसभा चुनाव कांग्रेस को लड़ना चाहिए तथा महाविकास आघाड़ी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को विधान परिषद चुनाव महाविकास आघाड़ी की ओर से लड़ना चाहिए।उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद संदेह के बादल छा गए हैं।

जिस प्रकार सरकार इस घटना को संभाल रही है, उससे कुछ गड़बड़ी की आशंका पैदा होती है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा केंद्रीय उड्डयन मंत्री को पत्र भेजे जाने और उसके उत्तर के बाद भी आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस दुर्घटना की गहन जांच की मांग की जा रही है। सामान्य सड़क दुर्घटना में भी एफआईआर दर्ज होती है, लेकिन उपमुख्यमंत्री के निधन के मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई, यह आश्चर्यजनक है।

दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अदालत द्वारा निर्दोष ठहराए जाने के प्रश्न पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार विरोधी विचारधारा के नेताओं के साथ प्रतिशोध की भावना से व्यवहार करती है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया जाता है, यह एक बार फिर स्पष्ट हुआ है।प्रदेश उपाध्यक्ष एड. गणेश पाटील ने कार्यशाला के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला, जबकि प्रस्तावना आशुतोष शिर्के ने प्रस्तुत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

गौरव , संस्कृति व साहित्य का उत्सव; महात्मा फुले शिक्षण संस्थान में मराठी दिवस का भव्य दिव्य आयोजन

बाल गोविंद तिवारी/मुंबई वार्ता महात्मा फुले शिक्षण संस्था द्वारा...

हर्षवर्धन सपकाल का बयान: देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई, कांग्रेस संविधानवादी तो भाजपा मनुवादी

मुंबई वार्ता संवाददाता महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष...