मुंबई वार्ता संवाददाता

राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार गुट) के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा है कि महाराष्ट्र की आम जनता के मुद्दों को लेकर उनकी पार्टी आक्रामक रुख अपनाएगी और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।


उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल से जनता के सवालों का समाधान कराने के लिए पार्टी पूरी ताकत से आगे आएगी।मीडिया से बातचीत में शिंदे ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए पिछले कुछ दिनों से लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। हाल ही में सभी जिलों की बैठकें ली गई हैं और पार्टी की कार्याध्यक्षा सांसद सुप्रिया सुळे की मौजूदगी में विभिन्न सेल की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुंबई में भी सेल की बैठक आयोजित होने वाली है और राज्यभर में सक्षम कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जा रही है।शिंदे ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया लगातार चलने के कारण संगठनात्मक फैसले लंबित थे, लेकिन अब राज्य और जिला स्तर की संरचना की समीक्षा की गई है। कुछ जिलों में बदलाव के निर्देश दिए गए हैं, जबकि राज्य स्तर पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
राजनीतिक टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि समरजीत घाडगे पहले भाजपा में थे और टिकट के लिए उनकी पार्टी में आए, चुनाव लड़ने के बाद वे फिर भाजपा में लौट गए। उन्होंने इसे महायुति में सहयोगी दलों के लिए एक संकेत बताया।
सातारा मामले पर बोलते हुए शिंदे ने कहा कि उनकी और उनकी पार्टी की मोर्चा निकालने की पूरी तैयारी है, लेकिन अन्य दलों की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है।


