श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

परिमंडल 8 के अंतर्गत निर्मल नगर पुलिस थाना ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कई मामलों में वांछित एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से चोरी का पूरा माल (100%) बरामद कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, मोबाइल चोरी के एक मामले की जांच के दौरान गुन्हे प्रकटीकरण पथक (डिटेक्शन टीम) ने तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर एक तड़ीपार आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी जबरन चोरी, घरफोड़ और खुले घरों में चोरी करने जैसे कई अपराधों में शामिल रहा है।गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि उसने निर्मल नगर पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज तीन अन्य चोरी के मामलों को भी अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल चार मामलों में चोरी गया सामान बरामद किया।


पुलिस ने आरोपी के पास से 9 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और नकद रकम सहित कुल 1,30,100 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। इस तरह इन सभी मामलों में चोरी गए माल की 100% रिकवरी की गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान जमील अहमद शेख उर्फ राजू करेला (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सांताक्रूज पूर्व स्थित गोलीबार रोड के बरकत मंजिल में रहता है और फिलहाल बेरोजगार बताया गया है।
यह उल्लेखनीय कार्रवाई निर्मल नगर पुलिस थाना की टीम ने की, जिसमें पुलिस उपनिरीक्षक सुदर्शन बनकर, सहायक फौजदार फाटक, हेड कांस्टेबल पवार, सावंत, शेख तथा पुलिस शिपाई राठोड़ और तायडे शामिल थे।


