मुंबई वार्ता /श्रीश उपाध्याय

मुंबई के कालाचौकी पुलिस थाने की टीम ने मंदिर में हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी किया गया 100% मुद्देमाल बरामद कर लिया है। इस चोरी में सोने-चांदी के गहने और हीरे समेत कुल 9 करोड़ 57 लाख रुपये का सामान शामिल था।पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 मार्च 2026 की रात करीब 2:30 बजे से 5:00 बजे के बीच हुई।


शिकायतकर्ता की सोसायटी परिसर स्थित जैन मंदिर में अज्ञात व्यक्ति ने बिना अनुमति प्रवेश कर लॉकर का ताला तोड़कर गहनों की चोरी कर ली थी। इस मामले में कालाचौकी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(D) और 331(4) के तहत केस दर्ज किया।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और मुंबई शहर के करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।


तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला कि आरोपी पहले मंदिर में सुरक्षा रक्षक के रूप में काम कर चुका था और घटना के बाद मध्य प्रदेश भाग गया था।पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में एक रिश्तेदार के घर की छत पर छिपा हुआ है। टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी छत से दूसरी छत पर कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतन उर्फ बंटी उर्फ पंडित (उम्र 34 वर्ष, निवासी भिंड, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया, जिसके बाद चोरी किया गया पूरा मुद्देमाल बरामद कर लिया गया। आरोपी पर मध्य प्रदेश में पहले से हत्या के प्रयास और लूट के कुल 17 मामले दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त आर रागसुधा के मार्गदर्शन में और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कालाचौकी पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।


