श्रीश उपाध्याय,यश भारत

मानखुर्द-शिवाजी नगर क्षेत्र में वोटर मैपिंग और SIR को लेकर फैली भ्रांतियों के बीच आमदार अबु आसिम आजमी ने पहल करते हुए महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्का लिंगम से मुलाकात की।


उन्होंने क्षेत्र में लोगों के बीच बढ़ती चिंता, भ्रम और असमंजस की स्थिति से अधिकारी को अवगत कराया।पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में मतदाता अपनी समस्याओं और सवालों को लेकर आज़मी के कार्यालय से संपर्क कर रहे थे। कई लोग सीधे कार्यालय पहुंचकर भी जानकारी ले रहे थे, जिससे स्थिति की गंभीरता स्पष्ट हो रही थी।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इलेक्शन कमिशन ऑफ़ इंडिया के निर्देशों के तहत चल रही प्रक्रिया में अब तक लगभग आधे मतदाताओं की ही मैपिंग पूरी हो पाई है, जबकि शेष कार्य जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करेंगे और जरूरत पड़ने पर एक से अधिक बार संपर्क भी करेंगे।दस्तावेजों को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
बताया गया कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज है, उनकी मैपिंग आसानी से हो जाएगी। यदि नाम नहीं है, लेकिन माता-पिता का नाम सूची में है, तो भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। वहीं, अन्य राज्यों जैसे बिहार, वेस्ट बंगाल, Assam और केरला की मतदाता सूची में नाम होने पर भी मैपिंग संभव होगी। इसके बाद SIR की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।आमदार आज़मी ने जनता से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भ्रम पर ध्यान न दें और अपने आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि गोवंडी स्थित उनके कार्यालय में उनकी टीम हर समय सहायता के लिए उपलब्ध है।उन्होंने कहा, “आपका लीडर हर वक्त मुस्तैद है और हम हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।” यह पहल क्षेत्र के मतदाताओं में भरोसा और स्पष्टता लाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।


