■ अगले सप्ताह से शुरू हो निर्माण कार्य:- महापौर .
मुंबई वार्ता संवाददाता

घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल पर बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए इसके पुनर्विकास कार्य में देरी पर मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि पुनर्विकास के पहले चरण के तहत इमारत निर्माण का काम हर हाल में अगले सप्ताह से शुरू किया जाए और लंबित सभी अनुमतियाँ युद्ध स्तर पर प्राप्त की जाएं।


गुरुवार (2 अप्रैल 2026) को महापौर ने घाटकोपर (पूर्व) स्थित सेठ वी.सी. गांधी एवं एम.ए. व्होरा महानगरपालिका सामान्य अस्पताल (राजावाड़ी अस्पताल) के प्रकल्प स्थल का दौरा कर कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में करीब 600 बेड क्षमता वाली अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इमारत का निर्माण किया जाएगा। यह इमारत बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और 10 मंजिलों की होगी तथा कुल निर्माण क्षेत्र लगभग 33,179 वर्ग मीटर रहेगा। दिसंबर 2025 में भूमिपूजन हो चुका है, लेकिन कुछ अनुमतियों के अभाव में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।


महापौर तावड़े ने चार महीने बीतने के बावजूद काम शुरू न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आवश्यक अनुमति प्राप्त करना ठेकेदार की जिम्मेदारी है और इसमें देरी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को शोर, धूल या अन्य असुविधाओं से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती जाए।उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि परियोजना के प्रत्येक चरण की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से दी जाए और इस पुनर्विकास योजना पर महानगरपालिका मुख्यालय में विस्तृत प्रस्तुति भी दी जाए।
बताया गया कि पहले चरण की इमारत पूरी होने के बाद पूरे अस्पताल को उसमें स्थानांतरित किया जाएगा, जिसके बाद दूसरे चरण में नई इमारत का निर्माण किया जाएगा।


