मुंबई/ श्रीश उपाध्याय

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड ने वर्ली स्थित एक महत्वपूर्ण भूखंड को पंचतारांकित होटल के लिए देने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए नीलामी प्रक्रिया तुरंत रोकने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सौदा महानगरपालिका के लिए नुकसानदायक है और कुछ खास बिल्डरों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।


गायकवाड ने कहा कि 5166 वर्ग मीटर का यह प्रमुख भूखंड मात्र 455 करोड़ रुपये में एक डेवलपर को देने की तैयारी है, जो “कवड़ीमोल” कीमत पर सौदा करने जैसा है। उनके अनुसार, इस जमीन के बदले बीएमसी को केवल 455 करोड़ रुपये और लगभग 1300 वर्ग मीटर जगह परीक्षण प्रयोगशाला के लिए मिलेगी, जो इस भूखंड के वास्तविक मूल्य की तुलना में बहुत कम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस सौदे की शर्तें इस तरह तय की गई हैं कि उससे केवल चुनिंदा बिल्डरों को फायदा हो। संबंधित डेवलपर इस जमीन पर पंचतारांकित होटल बनाकर भारी मुनाफा कमाएगा, जबकि मुंबई महानगरपालिका को आर्थिक नुकसान होगा।सांसद गायकवाड ने यह भी कहा कि बीएमसी की संपत्तियों के लिलाव से पहले स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से चर्चा होना जरूरी है।
उन्होंने मांग की कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं और नियमों का पालन करते हुए ही ऐसे फैसले लिए जाएं।उन्होंने सवाल उठाया कि जब बीएमसी खुद सक्षम है, तो वह अपनी जमीनों का विकास खुद क्यों नहीं करती, जिससे महानगरपालिका को सीधा लाभ मिल सकता है।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले में बड़े घोटाले की आशंका जताते हुए कहा है कि मुंबई की मूल्यवान संपत्तियों के “अनियोजित और अपारदर्शी” तरीके से नीलामी का कड़ा विरोध किया जाएगा। गायकवाड ने चेतावनी दी कि इस तरह के फैसलों से मुंबईकरों का नुकसान हो रहा है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।


