नाना पटोले ने कहा लोकाधिकार के लिए लड़ेंगे
मुंबई वार्ता संवाददाता

देश में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान में आयोग जिस तरह से चुनाव करवा रहा है, उससे उसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा और चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव में मतों पर डाका डालकर लोकतंत्र का गला घोंट दिया है। चुनाव आयोग के इस कुकृत्य और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्यभर के जिला और तालुका स्तर पर आंदोलन करेगी। इस आंदोलन में राज्य के प्रमुख नेता भी शामिल होंगे, यह जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने दी।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय टिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि विधानसभा चुनाव में धांधली स्पष्ट नजर आती है। लोकसभा चुनाव के छह महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में 50 लाख मतदाता कैसे बढ़ गए? मतदान के दिन शाम 5 बजे के बाद रात में 76 लाख वोट कैसे बढ़ गए? इस पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से सबूत मांगे थे, लेकिन अब तक कोई आंकड़ा नहीं दिया गया। अब केंद्र की भाजपा सरकार ने ऐसा कानून बनाया है, जिससे चुनाव आयोग को यह जानकारी देने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। यह कानून भाजपा और चुनाव आयोग द्वारा मतदाताओं के अधिकारों पर डाले गए डाके को छिपाने का एक तरीका है।
नाना ने यह भी कहा कि बदलापुर फेक एनकाउंटर का सचबदलापुर में एक स्कूल की नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण के आरोपी अक्षय शिंदे का फेक एनकाउंटर किया गया, यह कांग्रेस ने उसी समय कहा था। अब हाई कोर्ट ने भी आदेश दिया है कि जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर मामला दर्ज किया जाए। सिर्फ पुलिसकर्मियों पर ही नहीं, बल्कि मंत्रालय और पुलिस मुख्यालय से आदेश देने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। बदलापुर की तरह ही परभणी में सोमनाथ सूर्यवंशी की पुलिस हिरासत में पिटाई से मौत हो गई। पुलिस की कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान सोमनाथ को गिरफ्तार कर मारपीट की गई। लेकिन मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में झूठा दावा किया कि उनकी मौत दमे की बीमारी के कारण हुई। कांग्रेस इसके खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाएगी।


