राजन बलसाने/मुंबई वार्ता

उल्हासनगर कैंप नंबर एक स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के सामने खाली पड़ी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस जमीन पर लाखों रुपये का टैक्स बकाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मनपा के टैक्स विभाग ने कार्रवाई की और मंगलवार को वहां अवैध रूप से बने झोपड़े को हटा दिया गया।
यह कार्रवाई मनपा की टैक्स विभाग की अधिकारी नीलम कदम के नेतृत्व में की गई। इस दौरान कर निर्धारक व संकलक नीलम कदम, नोडल अधिकारी गणेश शिंपी, मनोज गोखलांनी, सचिन जाधव, यशवंत सगले, सुरक्षा विभाग और अनधिकृत विभाग की टीम भी मौजूद रही।
नीलम कदम ने बताया कि इस जमीन पर सितंबर महीने में नोटिस जारी किया गया था, जिसमें जमीन के मालिक को मनपा कार्यालय में आकर टैक्स चुकाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय तक कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया। इसके बाद मनपा ने 7 दिसंबर को इस जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। अब मनपा इस जमीन को खाली कराने के बाद नीलामी की प्रक्रिया शुरू करेगी। आगे की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि झोपड़ा किसका था और अवैध कब्जे के पीछे कौन लोग शामिल थे ?


