मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के नागपुर में एक स्टील कारोबारी से 2.98 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। यहां एक हार्डवेयर कंपनी के मालिक ने कारोबारी से सामान खरीदा, लेकिन उसके बदले भुगतान नहीं किया और गलत बैंक चेक देकर धोखाधड़ी की गई।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता सुनील मुरलीधर तुलस्यान की कंपनी आरोपी मुर्तुजा यूसुफ शाकिर की स्वामित्व वाली एक हार्डवेयर ट्रेडिंग कंपनी को स्टील कॉइल की आपूर्ति करती थी।
10 दिसंबर 2023 से आठ मई 2024 के बीच शाकिर ने तुलस्यान की कंपनी से 2,97,74,740 रुपये मूल्य का स्टील का सामान खरीदा। शाकिर ने चेक के जरिये भुगतान किया जो बाउंस हो गया। इसके बाद वह भुगतान में देरी करता रहा, जिसके बाद तुलस्यान ने लकड़गंज पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शाकिर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है।


