मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) को मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी सफलता मिली है। अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट के एक नागरिक को कोकीन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सिएरा लियोन से भारत आया था। आरोपी ने अपने पेट में ६७ कोकीन कैप्सूल छिपाए थे। पुलिस ने इन कैप्सूल को जब्त कर लिया है।


खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई ने संदिग्ध को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया। उससे पूछताछ की गई तो पुलिस को शक हुआ। उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्स-रे और स्कैन से पता चला कि उसने अपने पेट में कई कैप्सूल निगल रखे हैं। इसके बाद मेडिकल प्रक्रियाओं के जरिए 68 कैप्सूल निकाले गए, जिनमें कुल ११३९ ग्राम कोकीन मिली।
मिली जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस कोकीन की कीमत करीब ११.३९ करोड़ रुपये आंकी गई है। शरीर में इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स छिपाना न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि बेहद खतरनाक भी है। हालांकि जांच में पता चला है कि यह शख्स एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा है, जो भारत को ड्रग्स के नए बाजार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है।
मुंबई जैसे महानगरों में ड्रग्स की मांग को देखते हुए तस्कर विभिन्न रास्तों से भारत में ड्रग्स ला रहे हैं। हालांकि कोकीन तस्करी की जड़ तक पहुंचने के लिए डीआरआई की टीम आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। क्या आरोपी भारत में किसी स्थानीय एजेंट से मिलने जा रहा था? या फिर उसका कोई पुराना नेटवर्क यहां पहले से सक्रिय है? डीआरआई की टीम अब इसकी जांच कर रही है।


