श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

बोरीवली इलाके से 13 करोड़ रुपयों का सोना चुराकर भागे चोर को पुलिस ने 72 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे धकेल दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जेपी एक्सपोर्ट गोल्ड एंड डायमंड ज्वेलरी नामक कंपनी में सेल्स का काम करने वाले अजय धागडा कंपनी का 13 किलो सोने के आभूषण लेकर बोरीवली स्थित कंपनी के फ्लैट में रुके थे। उसी समय उनके सहकर्मी जिग्नेश नाथाभाई कछुडिया सोने के आभूषणों का बैग लेकर फरार हो गया। अजय ने मामले की शिकायत बोरीवली पुलिस थाने में कर दी।
मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने यांत्रिक सहायता से पता किया कि जिग्नेश गुजरात की ओर भागा है। पुलिस ने तुरंत पीछा कर जिग्नेश , उसके पिता नाथाभाई कछुडिया और उसके एक अन्य साथी यश ओडेदरा को जूनागढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाथाभाई कछुडिया से पूछताछ कर जूनागढ़ के पास के जंगल में छिपा कर रखा चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने चोरी हुए रू 13,34,62,327 मूल्य के सोने में से रू 11,01,71,027 मूल्य का सोना बरामद किया है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गत 24 जून को न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने तीनों आरोपियों को आगामी 30 जून तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) सत्यनारायण चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शशि कुमार मीना, पुलिस उपायुक्त (जोन-11) आनंद भोईटे के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई बोरीवली पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश पवार की टीम ने की है।


