● मरम्मत हेतु प्रशासन उदासीन श्मशान भूमि जर्जर,
● आस पास के लोगों ने बनाया शौचालय,मुर्गी व बकरियों का पालन केंद्र
● राकांपा ने मनपा से श्मशान भूमि का सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं उपलब्ध करने की मांग
मुंबई वार्ता संवाददाता

भिवंडी के रहमतपुरा इलाके में बना हिंदू श्मशान भूमि मनपा प्रशासन की उपेक्षा के कारण खुद की बदहाली पर आंसू बहा रहा है।श्मशान भूमि अस्त व्यस्त स्थिति में होने के कारण आस पास के लोगो ने इसका उपयोग न सिर्फ शौचालय के लिए कर रहे है,बल्कि इसे मुर्गी व बकरी पालन का केंद्र बना रखा है।
जिसके कारण स्थानीय लोगों को अंतिम संस्कार के लिए कई किमी दूर जाना पड़ता है।भिवंडी शहर जिला राकांपा(अजित)सेवा दल ने मनपा प्रशासन को ज्ञापन देकर श्मशान भूमि का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही इसमें नागरिक सुविधा उपलब्ध करने की मांग मनपा प्रशासन से की है।


भिवंडी शहर जिला राकांपा(अजित गुट)सेवा दल के अध्यक्ष देवानंद गौड़ ने मनपा आयुक्त अनमोल सागर को दिए ज्ञापन में बताया है कि कई वर्ष पूरा बनाया गया रहमतपुरा का श्मशान भूमि इन दिनों पूरी तरह बदतर हालत में है।जिसके कारण स्थानीय हिंदू लोग शवो को कई किमी दूरी पर स्थित काप तालाब इलाके में दाह संस्कार करने को मजबूर है।
उन्होंने बताया है कि उक्त श्मशान भूमि पर नशेड़ियों ने अपना कब्जा जमा रखा है और बेखौफ होकर नशा करते है।इन्हीं लोगों ने श्मशान भूमि को पूरी तरह नष्ट कर दिया है।जिसमें कचरे का साम्राज्य है।आस पास के लोग इस श्मशान भूमि का उपयोग बकरी पालन के लिए कर रहे है।श्मशान में बना कमरा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।पूरे श्मशान भूमि क्षेत्र कचरे का अड्डा बन गया है।जिसका उपयोग बच्चों द्वारा शौच के लिए किया जा रहा है।शवदाह केंद्र का स्लैब गिर गया है।शव रखने के लिए बनाया गया क्षेत्र टूट गया है।
कुल मिलाकर श्मशान भूमि मनपा की अनदेखी के कारण अपना वजूद खोने की स्थिति में है।
राकांपा सेवा दल अध्यक्ष ने मांग की है कि श्मशान को नशेड़ियों लोगों द्वारा नष्ट किया गया आंतरिक कमरे को तुरंत फिर से बनाया जाय।साथ ही बकरी पालन पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही छोटे बच्चों को शौचालय का उपयोग करने से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।इतना ही नहीं कब्रिस्तान में मुर्गी पालन हेतु लगाया गया जाल को हटा कर इसे रखने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। खतरनाक हुए स्लैब को तोड़ कर उसका पुनर्निर्माण करने के साथ वहां नागरिक सुविधाएं प्रदान की जानी चाहिए। राकांपा द्वारा श्मशान भूमि की मरम्मत की मांग का ज्ञापन देकर 15 दिन बीतने के बाद मनपा प्रशासन इसको लेकर उदासीन बना हुआ है।जो स्थानीय लोगों में आक्रोश का कारण बना हुआ है।
मनपा प्रभाग समिति दो के अभियंता विनोद भोईर ने बताया कि उन्होंने श्मशान भूमि का विजिट कर वहां की स्थिति का जायजा लिया गया है और इसकी मरम्मत के लिए प्रपोजल बनाया गया है।फिलहाल फंड के अभाव में इसके रिपेयरिंग का कार्य रुका हुआ है।जैसे ही फंड का प्रबंध होता है तत्काल इसके मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


