मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

नगर निगम ने नवविवाहितों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। अब विवाह पंजीकरण की सुविधा शनिवार और रविवार को भी उपलब्ध होगी। इसके लिए नगर निगम ने एक विशेष ‘वीकेंड मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्विस’ शुरू की है। इतना ही नहीं, पंजीकरण के दिन ही विवाह प्रमाण पत्र जारी करने की सुविधा भी प्रदान की गई है। इसलिए पंजीकरण के लिए ज़्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा।


सोमवार से शुक्रवार के बीच हर दिन होने वाले विवाह पंजीकरणों में से २० प्रतिशत पंजीकरण इस ‘फास्ट ट्रैक मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्विस’ के तहत आरक्षित किए गए हैं। इस सेवा के कारण, जोड़ों को उसी दिन विवाह प्रमाण पत्र मिल जाएगा। चूँकि एक वर्ष में लगभग ३० से ३५ हज़ार विवाह पंजीकृत होते हैं, इसलिए नगर निगम प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस नई पहल से बड़ी संख्या में नागरिकों को राहत मिलेगी।


शनिवार को १३ वार्ड कार्यालयों – ए, सी, ई, एफ दक्षिण, जी दक्षिण, एच पूर्व, के पूर्व, पी दक्षिण, पी उत्तर, आर मध्य, एल, एम पश्चिम और एस में विवाह पंजीकरण सेवाएँ जारी रहेंगी।रविवार को १२ वार्ड कार्यालयों – बी, डी, एफ उत्तर, जी उत्तर, एच पश्चिम, के पश्चिम, पी पूर्व, आर दक्षिण, आर उत्तर, एन, एम पूर्व और टी में विवाह पंजीकरण किया जाएगा।कार्यवाहक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ये दोनों नई सेवाएँ आगामी रविवार से शुरू होंगी। पंजीकरण शनिवार और रविवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। हालाँकि, ये सेवाएँ सार्वजनिक अवकाश के दिन बंद रहेंगी।
उपायुक्त (स्वास्थ्य) शरद उकाड़े ने बताया कि ‘फास्ट ट्रैक’ पंजीकरण के लिए नियमित शुल्क के अलावा २,५०० रुपये का अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। इससे पंजीकरण प्रक्रिया तेज़, आसान और अधिक पारदर्शी हो जाएगी।


