मुंबई वार्ता/कृष्ण गोपाल सिंह/भिवंडी

भिवंडी शहर के पास तालुका के खोनी गांव स्थित सिद्धार्थ नगर इलाके में स्थित ज्योति टेक्सटाइल्स में तड़के करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। कारखाने में सिलेंडर विस्फोट के कारण आग भड़की, जिससे पूरा कारखाना और आसपास के तीन कारखाने जलकर खाक हो गए। आग में पावरलूम मशीनें और कपड़े का भारी भंडार जलकर खाक हो गया।


आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए पुरजोर प्रयास किए। दो घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। इसी दौरान आग बुझाने के प्रयास में दमकल कर्मी कांतिलाल गुर्जर विस्फोट में मामूली रूप से घायल हो गए।


सौभाग्य से इस भीषण आग में किसी की जान नहीं गई, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की खबर है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


