मुंबई वार्ता संवाददाता

आज सुबह शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बांद्रा स्थित आवास ‘मातोश्री’ के ऊपर एक ड्रोन उड़ता हुआ देखा गया। सुरक्षा को लेकर संदेह होने पर मातोश्री से तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।


पुलिस की शुरुआती जांच में बताया गया कि ड्रोन एक निजी प्रोजेक्ट के लिए सर्वेक्षण के उद्देश्य से उड़ाया जा रहा था। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब मातोश्री के ऊपर ड्रोन उड़ने की बात सामने आई हो। इससे पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी, तब भी पुलिस ने निजी सर्वे का हवाला दिया था।इस मामले को लेकर ठाकरे परिवार ने चिंता जताई है।
उनका कहना है कि ड्रोन का इस्तेमाल घर आने-जाने वालों की निगरानी और अन्य जानकारियां जुटाने के लिए किया जा सकता है। शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने सवाल उठाया कि ड्रोन उनके घर की खिड़कियों के पास किस तरह का सर्वे कर रहा था।
फिलहाल पुलिस ने ड्रोन उड़ाने से जुड़ी सभी अनुमतियों और तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।


