मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई स्थित प्रसिद्ध श्री बाबुलनाथ मंदिर के लिए राज्य सरकार ने अहम निर्णय लेते हुए राजस्व विभाग की ओर से श्री बाबुलनाथ मंदिर चैरिटीज को नाममात्र एक रुपये की दर पर 30 वर्षों के लिए लीज (भाड़ा पट्टा) का नवीनीकरण प्रदान किया है। इस संबंध में जारी शासनादेश की प्रति राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने बुधवार सुबह मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को सौंपी।


राजस्व मंत्री बावनकुळे ने बताया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देशानुसार लिया गया है। बाबुलनाथ मंदिर में दर्शन के लिए प्रतिदिन आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह लीज लंबे समय से लंबित थी।इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में विधायक मिहीर कोटेचा ने लगातार प्रयास किए, जबकि स्थानीय विधायक और मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने भी इसकी सिफारिश की थी। अंततः मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यह भूमि अब औपचारिक रूप से मंदिर ट्रस्ट को सौंप दी गई है।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री मंगलप्रभात लोढा, विधायक एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष मिहीर कोटेचा, ट्रस्ट के विश्वस्त नितिनभाई ठक्कर, प्रदीपभाई श्रॉफ, जीतुभाई ठक्कर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस भूमि का उपयोग केवल श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवाओं के लिए ही किया जाएगा।



Very good